फरार आरोपियों के घर चिपका इश्तहार, कोर्ट में हाजिर होने का अल्टीमेटम

जामताड़ा में मारपीट और अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय के आदेश पर जामताड़ा पुलिस ने दो फरार आरोपियों के घर इश्तहार चिपकाकर मुनादी कराई और जल्द से जल्द कोर्ट में सरेंडर करने की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जामताड़ा थाना कांड संख्या 18/2026 के तहत की गई है। मामले में सहरपुरा गांव निवासी सफाउल अंसारी और मिहिजाम थाना क्षेत्र के कोलपाड़ा गांव निवासी गुलाम अंसारी लंबे समय से फरार चल रहे हैं।

बुधवार को एएसआई संतोष गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों के गांव पहुंची। मुखिया और ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने घर के दरवाजे पर इश्तहार चिपकाया और ढोल-डुगडुगी बजाकर पूरे गांव में इसकी सूचना दी।

पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि यह कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। इश्तहार के माध्यम से आरोपियों को कानून के सामने हाजिर होने का अंतिम मौका दिया गया है।

एएसआई संतोष गोस्वामी ने बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा के अंदर दोनों आरोपी न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती समेत आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट