जामताड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी दिवंगत गणेश मित्र को श्रद्धांजलि देने पूर्व सांसद फुरकान अंसारी गुरुवार को नाला पहुंचे। उन्होंने दिवंगत नेता के आवास पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सांसद सह कॉंग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने दिवंगत नेता के परिवार से आत्मीय मुलाकात की और परिवार के प्रति सहानुभूति एवं संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत नेता गणेश मित्रा के बेटे से भी मुलाकात कर हर संभव साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
मौके पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि गणेश मित्रा कांग्रेस के सच्चे सिपाही और समाज के सेवक थे। उन्होंने जीवनभर गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोगों की सेवा की। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ पूरे नाला क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार गणेश मित्र के परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को किसी भी तरह की जरूरत होगी तो हम हर कदम पर उनके साथ रहेंगे।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष पंकज झा ने कहा कि गणेश मित्रा जी जैसे समर्पित नेता बिरले ही होते हैं। वे हमेशा संगठन को मजबूत करने और लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। उनका जाना हम सबके लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने कहा कि गणेश मित्रा नाला प्रखंड कांग्रेस की रीढ़ थे। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं को एकजुट रखा और हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहे। उनके बताए गए रास्ते पर चलकर ही हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
इस दौरान कांग्रेस के नेत्री पुर्णिमा धर,सलीम जहांगीर, गुलशन अली, जितेंद्रनाथ मंडल,मुनमुन चौहान, नारद घोष सहित कई नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट