जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में साइबर अपराध से संबंधित लंबित कांडों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), जामताड़ा, निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, साइबर अपराध थाना, जामताड़ा सहित साइबर अपराध के कांडों के सभी पुलिस निरीक्षक अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे।
समीक्षा के क्रम में सभी लंबित साइबर अपराध से संबंधित कांडों के अभिलेखों का अवलोकन किया गया। अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कार्रवाई को शीघ्र पूर्ण कर वांछित साइबर अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी एवं तकनीकी साक्ष्यों को संकलित करते हुए कांडों को त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान एसपी ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को जिला अंतर्गत साइबर अपराध पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु क्षेत्र में सूचना ,आसूचना संकलन करने, साइबर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार एवं कारगर ढंग से छापेमारी करने, शिकायतों पर त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर सूक्ष्म एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन करने, संलिप्त साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी करने, बैंक एवं टेलीकॉम कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करने, फर्जी सिम आपूर्तिकर्ताओं को चिन्हित करने एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा क्षेत्र में स्कूल, कॉलेजों सहित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं एवं आम जनता के बीच साइबर अपराध के बचाव एवं रोकथाम हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट