जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड अंतर्गत पंजुनिया पंचायत के नीलजुड़िया गांव में इन दिनों एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है, जिसने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है। यहां एक बोरवेल से बिना किसी मोटर या पंप के लगातार पानी बाहर निकल रहा है। जमीन के भीतर से अपने आप निकल रहे पानी को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं। लेकिन इस अनोखे नजारे के बीच एक गंभीर सवाल भी खड़ा हो रहा है कि आखिर जब लोग एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, तो फिर इस तरह हजारों लीटर पानी को बर्बाद क्यों होने दिया जा रहा है?
दरअसल, नीलजुड़िया गांव निवासी किसान भीम मंडल ने अपने पोल्ट्री फार्म के लिए बोरवेल कराया था। बोरिंग के दौरान करीब 420 फीट तक केवल धूल और मिट्टी निकलती रही। लेकिन जैसे ही बोरिंग की गहराई 475 फीट तक पहुंची, अचानक पानी निकलना शुरू हो गया। इसके बाद से पानी लगातार अपने आप बाहर निकल रहा है। इसके लिए किसी मोटर या बिजली की जरूरत नहीं पड़ रही है। जमीन के भीतर से इस तरह पानी निकलना आसपास के लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बना हुआ है।
बोरवेल से लगातार निकल रहे पानी की जानकारी जैसे-जैसे आसपास के इलाकों में फैल रही है, वैसे-वैसे इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट रही है। ग्रामीण इस प्राकृतिक जलस्रोत को देखकर हैरान हैं। लेकिन दूसरी तरफ पानी के लगातार बहने से बड़ी मात्रा में जल बर्बाद हो रहा है। जिस पानी का उपयोग पेयजल और सिंचाई जैसी महत्वपूर्ण जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है, वह फिलहाल बिना किसी व्यवस्था के यूं ही बह रहा है।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पेयजल के लिए परेशान रहते हैं। गर्मी के दिनों में कई जगहों पर लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। महिलाएं और बच्चे पानी की व्यवस्था करने में काफी समय बिताते हैं। वहीं दूसरी ओर नीलजुड़िया गांव में जमीन से लगातार निकल रहा पानी किसी काम में नहीं आ पा रहा है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब इस पानी से कई गांवों की प्यास बुझाई जा सकती है और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जा सकता है, तो फिर इसके संरक्षण और सदुपयोग की दिशा में पहल क्यों नहीं हो रही है?
बताया जाता है कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जल सहिया को भेजकर पानी का नमूना जांच के लिए लिया गया था। हालांकि, अब तक पानी की जांच के नतीजे और इसके संरक्षण तथा उपयोग को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पानी की गुणवत्ता की जांच कराएगा और इसे सुरक्षित रखने की व्यवस्था करेगा, लेकिन फिलहाल पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा है।
बोरवेल कराने वाले किसान भीम मंडल ने प्रशासन से इस जलस्रोत को बचाने की अपील की है। उनका कहना है कि वह एक साधारण किसान हैं। उन्होंने बड़ी मुश्किल से अपने पलटी फार्म के लिए बोरवेल कराया था। लेकिन अब जिस तरह लगातार पानी निकल रहा है, उसे बर्बाद होते देखना उनके लिए भी दुखद है। उन्होंने कहा कि उनके पास इतनी आर्थिक क्षमता नहीं है कि वह अपने स्तर से बड़ी पानी की टंकी बनवा सकें या पाइपलाइन बिछाकर पानी को गांवों तक पहुंचा सकें।
भीम मंडल का कहना है कि यदि प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग पहल करे तथा यहां पानी जमा करने के लिए टंकी का निर्माण कराकर पाइपलाइन के माध्यम से नाला गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था करे, तो इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभ मिल सकता है। इतना ही नहीं, आसपास के किसानों को भी खेती और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकता है। इससे एक ओर पेयजल की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर किसानों को भी काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आखिर इस पानी को लगातार बर्बाद होते कैसे देखा जाए? एक किसान होने के नाते वह अपनी सीमित क्षमता में जो संभव है, वह कर रहे हैं, लेकिन इतनी बड़ी व्यवस्था करना उनके बस की बात नहीं है। यदि प्रशासन इस दिशा में कदम उठाता है, तो यह पूरे इलाके के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकती है।
फिलहाल नीलजुड़िया गांव का यह जलस्रोत लोगों के लिए कौतूहल जरूर बना हुआ है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि इसे केवल देखने की चीज न रहने दिया जाए, बल्कि जनहित में उपयोग करने की ठोस व्यवस्था की जाए।
क्योंकि पानी की कीमत उससे पूछिए, जो एक-एक बूंद के लिए परेशान है। जब प्रकृति ने पानी का अनमोल उपहार दिया है, तो उसे यूं ही बर्बाद होने देने के बजाय संरक्षित करना प्रशासन और संबंधित विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट