हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ स्थित हॉस्पिटल चौक पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद रोजी रोटी के गंभीर संकट से जूझ रहे फुटपाथ दुकानदारों का दर्द सुनने सोमवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। सांसद ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की और तोड़ी गई दुकानों को देखा। उन्होंने दुकानदारों को ढाढस बंधाते हुए कहा कि गरीबों की रोजी रोटी पर संकट किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। प्रभावित दुकानदारों को न्याय मिलेगा। आप पुनः अपनी दुकान लगाएं। इस लड़ाई में आपका भाई आपके साथ खड़ा है।
प्रभावित दुकानदारों ने सांसद मनीष जायसवाल को एक लिखित आवेदन सौंपकर अपनी व्यथा सुनाई। दुकानदारों ने बताया कि वे कई वर्षों से विष्णुगढ़ हॉस्पिटल चौक पर छोटी छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। लेकिन बीती 11 जुलाई 2026 को स्थानीय प्रशासन द्वारा उनकी दुकानों को हटा दिया गया, जिससे इनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पीड़ित दुकानदारों ने आवेदन के माध्यम से मांग की कि जिस तरह प्रखंड मुख्यालय परिसर में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के लिए दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं, उसी तर्ज पर उन्हें भी स्थायी रूप से दुकानें आवंटित की जाएं। दुकानदारों ने विकल्प के तौर पर सुझाव दिया कि सड़क से सटे विष्णुगढ़ सीएचसी की खाली पड़ी जमीन में दुकानों का निर्माण कर रोड पर आ गए दुकानदारों को किराए पर दुकानें आवंटित की जा सकती है। दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल चौक में वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण सड़क जाम हो जाती है। इससे निजात दिलाने की प्रशासनिक सुचिता होनी चाहिए।
सांसद ने कहा कि किसी भी जिम्मेदार सरकार का यह नैतिक और मानवीय दायित्व है कि किसी का रोजगार छीनने से पहले उसके पुनर्वास की व्यवस्था करे। आज के दौर में बेरोजगारी वैसे ही बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि वे इस मामले के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही हजारीबाग के उपायुक्त से मिलकर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष रवि पाण्डेय, स्थानीय सांसद प्रतिनिधि रविंद्र कुमार वर्णवाल उर्फ दीपू भाई, मुखिया निर्मल कुमार, पंचायत समिति सदस्य मुन्नी देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोर कुमार मंडल, पूर्व मुखिया अशोक गुप्ता, सुनील मिश्रा, प्रभु विश्वकर्मा, अशोक कुमार, संदीप लहकार, संदीप कसेरा, जीवन सोनी, राजू श्रीवास्तव, मुरली महतो समेत दर्जनों कार्यकर्ता सांसद के साथ मौजूद थे।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट