रामनवमी पर्व के मद्देनजर हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा तैयारियां की गई हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर प्रशासन द्वारा सात बार फ्लैग मार्च निकाला जा चुका है, जिससे आम लोगों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया जा सके। दरअसल, हजारीबाग में रामनवमी का आयोजन ऐतिहासिक और भव्य माना जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। इस दौरान शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है, वहीं जुलूस के साथ भी सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फ्लैग मार्च के जरिए असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। हजारीबाग सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडे ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य एक ओर जहां लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाना है, वहीं दूसरी ओर उपद्रव की आशंका रखने वालों को चेतावनी देना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मनाएं, लेकिन नियमों का पालन करना न भूलें। हालिया फ्लैग मार्च में लगभग 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल हुए, जिनमें महिला पुलिसकर्मियों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। इस मार्च का नेतृत्व एसडीओ आदित्य पांडे, एएसपी अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। पुलिस बल को निर्देश दिए गए हैं कि वे जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता के साथ करें।