कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, जन-अधिकार कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प

आगामी 06 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले जन-अधिकार कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बुधवार को केरेडारी पंचायत भवन में कांग्रेस की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक हुई।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 02, 2026, 5:24:00 PM

आगामी 06 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले जन-अधिकार कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बुधवार को केरेडारी पंचायत भवन में कांग्रेस की महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक हुई। केरेडारी बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कोयला कंपनियों से प्रभावित विस्थापितों, किसानों एवं ग्रामीणों को न्याय दिलाने तथा भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 को प्रभावी रूप से लागू कराने  के उद्देश्य से यह कार्यक्रम हो रहा है। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. दिलदार अंसारी ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव उपस्थित रहे।

6 जुलाई कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार

  बैठक में 06 जुलाई को झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित कई विधायकों के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने की रणनीति बनी। कार्यक्रम के तहत मंत्रीगण प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर विस्थापितों, किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।

कार्यक्रम स्थल एवं समय-सारणी:  

1. रसदा गांव, छाया डैम पतरातू – सुबह 10:00 बजे  

2. गोंदलपुरा – 11:30 बजे  

3. चेपा कला मैदान – 12:30 बजे  

4. समाधान भवन – 1:30 बजे  

5. कण्डाबेर बाजार टांड – 3:00 बजे  

6. बसरिया बाजार – 4:00 बजे  

7. पगार – 4:30 बजे  

8. ग्राम पचड़ा – 5:00 बजे  

अब मिलेगा विस्थापितों को न्याय-योगेन्द्र साव  

पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव ने कहा कि वर्षों से कोल परियोजनाओं एवं विभिन्न विकास योजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों को न्याय नहीं मिल पाया है। अब समय आ गया है कि भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 के प्रावधानों को पूरी तरह लागू कर विस्थापितों, किसानों एवं प्रभावित परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया जाए। उन्होंने कहा-कांग्रेस पार्टी न्याय और अधिकार की लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में उपस्थित नेताओं एवं ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि 06 जुलाई के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा तथा क्षेत्र के विस्थापितों, किसानों एवं प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। सभी पंचायत अध्यक्षों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

अंचल कार्यालय का निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

  बैठक संपन्न होते ही पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव ने अंचल कार्यालय केरेडारी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचलाधिकारी (CO) से मुलाकात कर प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आम जनता की समस्याओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ विकास कार्यों का वीडियो (BDO) देखा और CO से विस्तृत चर्चा की।

बैठक में मुख्य रूप से महेंद्र रजक, मोहम्मद अब्बास, मोहन साव, पदुम साव, गणेश कुमार, बालेश्वर साव, मोहन करमाली, तुलेश्वर महतो, उपेंद्र कुमार, राहुल कुमार, मोहम्मद अयूब, चितामन साव, भगीरथ साव, विनय कुमार, प्रमोद कुमार, मेहंदी हसन, कुणाल कुमार, अमित दुबे सहित प्रखंड के सभी पंचायत अध्यक्ष, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

अब मिलेगा विस्थापितों को न्याय, योगेन्द्र साव ने ठाना है  भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 लागू कराना है। यही संदेश लेकर कांग्रेस नेताओं का यह दौरा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों में नई उम्मीद जगा रहा है।

सुनील कुमार ठाकुर