हजारीबाग: बड़कागांव : थाना क्षेत्र के महटिकरा गांव निवासी प्रमोद कुमार के घर से चोरी हुए जॉन डियर ट्रैक्टर को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र के सोंस गांव निवासी शाहरुख खान को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 की रात प्रमोद कुमार के घर से अज्ञात अपराधकर्मी जॉन डियर ट्रैक्टर चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में प्रमोद कुमार ने 19 जून को बड़कागांव थाना में लिखित आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर बड़कागांव थाना कांड संख्या 109/26, दिनांक 19 जून 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
अनुसंधान के क्रम में 14 सितंबर को गुप्त सूचना और तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने मामले में संदिग्ध शाहरुख खान को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के हेंजला टोला, कौवाखाप से चोरी गया जॉन डियर ट्रैक्टर बरामद किया गया।
बरामद ट्रैक्टर का चेचिस नंबर PY3029D747853 बताया गया है।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 15 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट