हजारीबाग/केरेडारी: टंडवा क्षेत्र में संचालित चंद्रगुप्त कोल परियोजना में रोजगार को लेकर विवाद अब चरम पर पहुंच गया है। यहां के युवक राहुल कुमार ने कंपनी की टालमटोल नीति से तंग आकर टावर पर चढ़कर अपना विरोध जताया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
युवक का आरोप
राहुल कुमार का कहना है कि उसने ड्राइवर पद के लिए फिटनेस सहित सभी प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन पिछले करीब 6 महीने से उसे ज्वाइनिंग नहीं दी जा रही है। युवक का आरोप है कि बार-बार आश्वासन देने के बाद भी MDO सुशील इन्फ्रा के जीएम आर एस यादव ने उसकी बात नहीं सुनी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया और उसने टावर पर चढ़कर विरोध करने का कदम उठाया।
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि यह कंपनी क्षेत्र में सबसे लापरवाह तरीके से काम कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार जीएम आर एस यादव अपनी जवाबदेही से बाहर जाकर काम करते हैं और बार-बार यहां के ग्रामीणों और युवाओं को ठगने / टालने का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और CCL प्रबंधन से तुरंत हस्तक्षेप कर राहुल सहित सभी प्रभावित युवाओं को ज्वाइनिंग दिलाने की मांग की है।
कंपनी का पक्ष
जब इस संबंध में संवाददाता सुनील कुमार ठाकुर ने जीएम आर एस यादव से बात करने के लिए कॉल किया तो उनका नंबर स्विच ऑफ बताया गया। इसलिए कंपनी का पक्ष अभी सामने नहीं आ सका है।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट