हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड में विकास करने को लेकर अब मांग अब तेज होने लगी है। इस क्रम में केरेडारी प्रखंड के समग्र विकास को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र कुमार सिंह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने क्षेत्र की 5 प्रमुख मांगों को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई शीर्ष अधिकारियों को लिखित पत्र सौंपा है।
अपने मांग पत्र में महेंद्र सिंह ने बाईपास रोड का निर्माण* - केरेडारी में जाम और दुर्घटनाओं से निजात के लिए बाईपास रोड के निर्माण, ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधा युक्त स्वास्थ्य केंद्र, उच्च शिक्षा व गरीब बच्चों के लिए केरेडारी में डिग्री कॉलेज का निर्माण, केरेडारी प्रखंड में उप डाकघर को अतिशीघ्र खोलने तथा रोजगार और पुनर्वास के CCL चंद्रगुप्त, रितविक, BGR एवं अन्य कंपनियों में बेरोजगार युवकों को रोजगार, विस्थापन के बदले पुनर्वास की व्यवस्था और जमीन मुआवजा मूल्य में वृद्धि शामिल है। इसके लिए एक कर्णपुरा विस्थापित प्रभावित समिति का गठन भी किया गया है।
बीजेपी नेता ने अपने मांग पत्र को राज्यपाल झारखंड, मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, उपायुक्त हजारीबाग, अनुमंडल पदाधिकारी सदर हजारीबाग, आरक्षी अधीक्षक हजारीबाग, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा झारखंड प्रदेश, संगठन महामंत्री भाजपा झारखंड प्रदेश, सांसद हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र और विधायक बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र को सौंपा है। इस दौरान नारायण यादव, प्रकाश गुप्ता, तेजो साव और राजीव कुमार मौजूद थे।
इस मौके पर भाजपा नेता महेंद्र सिंह ने कहा कि यदि अति शीघ्र मांगें पूरी नहीं की गईं तो पांच सदस्यीय टीम भारत सरकार के प्रधानमंत्री, परिवहन मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और कोयला मंत्री से मिलकर प्रार्थना पत्र सौंपेगी। उन्होंने कहा कि केरेडारी की जनता की समस्याओं का समाधान करना भाजपा की प्राथमिकता है। पार्टी लगातार विकास कार्यों के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट