बड़कागांव: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को राज्य के पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने की दिशा में विधायक रोशन लाल चौधरी ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने झारखंड पर्यटन निदेशालय, रांची के निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा को पत्र सौंपकर क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समग्र विकास तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक रौशन लाल चौधरी ने अपने पत्र में महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव, मां अष्टभुजी मंदिर कंडाबेर, पांच वाहिनी, छत्तीसों वहन, बरसो पानी तथा इस्को गुफा जैसे प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन स्थानों में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि इनका योजनाबद्ध विकास किया जाए तो बड़कागांव न केवल झारखंड, बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
उन्होंने विधायक चौधरी ने बताया कि अधिकांश पर्यटन स्थल वन क्षेत्र में स्थित हैं, जिसके कारण विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं विभागीय स्तर पर विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से सड़क, पेयजल, शौचालय, सामुदायिक भवन, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थल एवं अन्य आवश्यक पर्यटन सुविधाओं का समुचित विकास अब तक नहीं हो सका है।
विधायक रौशन लाल चौधरी ने पर्यटन निदेशक से आग्रह किया है कि सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कर आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जाए तथा संबंधित विभागों के समन्वय से विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
आगे विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि "बड़कागांव प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध क्षेत्र है। यदि यहां के पर्यटन स्थलों का सुनियोजित विकास किया जाता है तो इससे बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। पर्यटन क्षेत्र के विकास को वे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल मानते हैं और भविष्य में भी क्षेत्र के जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती के साथ उठाते रहेंगे।
हजारीबाग से सुनील ठाकुर की रिपोर्ट