रांची/हजारीबाग : झारखंड के बड़कागांव में एनटीपीसी की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने एनटीपीसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कंपनी ने विभाग को बिना किसी पूर्व सूचना के डायनामाइट लगाकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की पानी की टंकी को ध्वस्त कर दिया।
राज्य सरकार को करीब 25 करोड़ का नुकसान हुआ है - मंत्री योगेंद्र प्रसाद
मंत्री योगेंद्र प्रसाद के मुताबिक, इस घटना से राज्य सरकार को करीब 25 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। मंत्री ने आरोप लगाया कि एनटीपीसी बड़कागांव में मनमाने तरीके से काम कर रही है और नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस पानी की टंकी को ध्वस्त किया गया, उसके निर्माण पर 12 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जा रही थी। टंकी का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका था।