हजारीबाग: टाटीझरिया थाना पुलिस ने अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 माइल के पास एक पिकअप वाहन से करीब 90 हजार अवैध लॉटरी टिकट बरामद किया है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद लॉटरी की खेप हजारीबाग से धनबाद ले जाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, सात सितंबर की शाम करीब 5:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि हजारीबाग से टाटीझरिया होते हुए बगोदर की ओर एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने 17 माइल के पास वाहन को आते देखा। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने पिकअप सड़क पर खड़ी कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान पिकअप के डाला में प्लास्टिक के बोरों में सील किए गए 30 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में दो कार्टून थे, यानी कुल 60 कार्टून।
पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक कार्टून में करीब 1500 लॉटरी पेपर थे। इस तरह कुल करीब 90 हजार पेपर बरामद हुए। प्रत्येक पेपर पर अलग-अलग नाम से 21 लॉटरी टिकट छपे हुए थे। पुलिस ने पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार चालक की पहचान विकाश कुमार प्रजापति (27), पिता सोहन प्रजापति, ग्राम सिल्वार, थाना मुफस्सिल, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि लॉटरी टिकट की खेप हजारीबाग से धनबाद ले जाई जा रही थी।
मामले में टाटीझरिया थाना कांड संख्या 48/26, दिनांक 08 सितंबर 2026 को बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा लॉटरी (विनियमन) अधिनियम 1998 की धारा 7(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार, सअनि० मनेन्द्र यादव तथा टाटीझरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट