दर्शकों के लिए खुला प्रवीण सेवा संस्थान का दुर्गा पूजा पंडाल, उमड़ी भीड़, मंत्री श्रेयसी ने किया उद्घाटन

आदित्यपुर श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा एम टाईप मैदान आदित्यपुर में बनवाए गए भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल को कलश स्थापना के दिन देर शाम को दर्शकों के लिए खोल दिया गया।

जमशेदपुर : आदित्यपुर श्रीश्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा एम टाइप मैदान  आदित्यपुर में बनवाए गए भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल को कलश स्थापना के दिन देर शाम को दर्शकों के लिए खोल दिया गया। उसके बाद पूजा पंडाल को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पूजा कमिटी के लोगों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। 

हम 9 दिनों तक मां दुर्गा की साधना में जुड़े रहते हैं - बिहार सरकार के मंत्री श्रेयसी सिंह

इससे पूर्व पूजा पंडाल का उदघाटन बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने फीता काट कर किया। मौके पर कई और भी अतिथि के उपस्थित थे। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्रेयसी सिंह ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हम नौ दिनों तक मां दुर्गा की साधना में जुड़े रहते हैं। परंतु कई बार हम उसी महिला को सम्मान नहीं दे पाते हैं। उन्होंने भारत की बेटियों के लिए सही सम्मान और प्यार के साथ उनका समर्थन किया व कहा कि यही महिला सशक्तिकरण और दुर्गा स्तुति है। मंत्री श्रेयसी सिंह ने सभी स्थानीय लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।

कलात्मक प्रस्तुति भी इस बार दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी - पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक

वहीं पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मेचेदा, बंगाल से आए कारीगरों की मदद से इस बार यहां हिमाचल प्रदेश के प्राचीन एवं भव्य शिव मंदिर की थीम पर आधारित पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। जो कि दर्शकों को स्वतः अपनी ओर आकर्षित करेगा। यहां की कलात्मक प्रस्तुति भी इस बार दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।

पूजा पंडाल परिसर में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की भव्य व आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है

वहीं, कोलकाता के मूर्तिकारों द्वारा पूजा पंडाल परिसर में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की भव्य और आकर्षक प्रतिमाओं का निर्माण किया गया है। मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं में आगंतुक श्रद्धालुओं को हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक झलक और पहनावा देखने को मिलेगा। वहीं, इस वर्ष यहां आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की व्यवस्था की गई है, जिसकी जिम्मेवारी कोलकाता के बीजू दा लाइट सिस्टम को दी गई है। बीजू दा एंड टीम की मैजिकल विद्युत साज-सज्जा व्यवस्था भी आम लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करेगी।

इस खास कार्यक्रम में कई लोग मौजूद थे

इस अवसर पर विधायक मंगल कालिंदी, मीरा मुंडा, पूजा कमेटी के संरक्षक एके श्रीवास्तव, अध्यक्ष सह उप महापौर अंकुर सिंह, पूर्व उप महापौर अमित सिंह, झारखंड क्षत्रीय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा, बारी मुर्मू, वीरेंद्र सिंह, शंकर सिंह, राजीव रंजन मुन्ना, सरयू पासवान, जगदीश नारायण चौबे, मजदूर नेता भगवान सिंह, समरेंद्र नाथ तिवारी, अरुण सिंह और बसंत प्रसाद आदि उपस्थित थे।

जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट