गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन, सोनारी से साकची तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जमशेदपुर में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। सोनारी गुरुद्वारा से निकले नगर कीर्तन में सभी धर्म-संप्रदाय के लोग बड़े उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

जमशेदपुर : जमशेदपुर में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। सोनारी गुरुद्वारा से निकले नगर कीर्तन में सभी धर्म-संप्रदाय के लोग बड़े उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। नगर कीर्तन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था। सोनारी गुरुद्वारा से लेकर साकची गुरुद्वारा तक विभिन्न रास्तों में स्टॉल लगाए गए हैं, जहां फल, शरबत सहित कई सामग्रियों का वितरण भी किया जा रहा है।

केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने कहा- गुरु नानक देव जी का जब प्रकाश हुआ था, तो केवल शरीर का ही प्रकाश नहीं हुआ था

इस अवसर पर केंद्रीय गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार भगवान सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जब प्रकाश हुआ था, तो केवल शरीर का ही प्रकाश नहीं हुआ था, ज्ञान की ज्योति का प्रकाश हुआ था। उन्होंने बताया कि कर्मकांड से ऊपर उठकर सभी लोग एक हों। गुरु नानक देव जी ने संदेश दिया कि अमीर-गरीब, ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र सब एक हैं। उन्होंने सभी धर्मों को अच्छे कर्म करने का संदेश दिया। वह केवल सिखों के गुरु नहीं थे, बल्कि सभी के थे।

विधायक सरयू राय ने कहा- आज गुरु नानक देव जी का जन्म हुआ था, प्रकट हुए थे

विधायक सरयू राय ने कहा कि आज गुरु नानक देव जी का जन्म हुआ था, प्रकट हुए थे। जब-जब धर्म की हानि होती है, कुरीतियां हावी होती हैं, तो संत का जन्म होता है और वह देवता की श्रेणी में आते हैं। गुरु नानक जी ने सबको एक साथ चलने का संदेश दिया है। यदि सिख समुदाय नहीं होता, तो भारत में हिंदू नहीं होते। भारत का स्वरूप अलग होता।

प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा- आज कार्तिक पूर्णिमा, दीप दीपावली और गुरु नानक देव जी की जयंती भी है

पूर्व विधायक एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा भी है, दीप दीपावली भी है और गुरु नानक देव जी की जयंती भी है। सभी लोगों पर वाहेगुरु की कृपा रहे। सभी लोग स्वस्थ और प्रसन्न रहें।

जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट