दो दशक पुराने हाई-प्रोफाइल केस में बड़ा ट्विस्ट, मुख्य आरोपी ने डाल दिए हथियार

दो दशक पुराने हाई-प्रोफाइल केस में बड़ा ट्विस्ट, मुख्य आरोपी ने डाल दिए हथियार

जमशेदपुर के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुनील महतो की हत्या से जुड़े बहुचर्चित मामले में लगभग 19 वर्षों बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी और 10 लाख रुपये की इनामी नक्सली शकुंतला महतो उर्फ पुष्पा ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित लालबाजार पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

आत्मसमर्पण के बाद अब झारखंड पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर पुलिस जल्द ही अदालत से अनुमति लेकर शकुंतला को रिमांड पर लाएगी, ताकि लंबे समय से लंबित इस चर्चित मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि 4 मार्च 2007 को घाटशिला के बाघुरिया फुटबॉल मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन सांसद सुनील महतो पर नक्सलियों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। इस घटना ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी थी और इसे झारखंड के सबसे चर्चित नक्सली हमलों में गिना जाता है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, शकुंतला महतो इस हमले की प्रमुख आरोपियों में शामिल रही है। घटना के बाद उस पर यह आरोप भी लगा था कि उसने हत्या के बाद मौके पर सांसद के शव के पास नृत्य किया था, जिसने उस वारदात को और अधिक चर्चित बना दिया।

बताया जाता है कि शकुंतला महतो पश्चिम बंगाल के बेलपहाड़ी क्षेत्र की निवासी है। लंबे समय तक फरार रहने के बाद उसके आत्मसमर्पण को सुरक्षा एजेंसियां एक महत्वपूर्ण सफलता मान रही हैं। अब उससे पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सकती है।