दुमका:-एनएच-133 हंसडीहा देवघर मुख्य मार्ग स्थित मरकुंडा गांव के निकट बीते मंगलवार की रात्रि सड़क दुघर्टना में घायल एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को सुबह इसी एनएच पर शव को रखकर मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जाम की खबर मिलते ही अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू, हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद व थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ घटना पर पहुंचे और ग्रामीणों को काफी समझाने बुझाने के बाद करीब एक घंटे बाद जाम को हटाया जा सका।
जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लाईन लगी रही। काफी देर तक अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ हुए वार्ता के बाद मृतक के परिजन को चावल व 10 हजार रुपए निजी तौर पर सहायता राशि देने का आश्वासन दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात्रि मरकुंडा गांव के निकट सड़क दुघर्टना में इसी गांव के एक 60 बर्षीय वृद्ध शंभू शर्मा की मौत हो गई। गांव में एक गृह प्रवेश को लेकर भोज भंडारा का आयोजन किया गया था, जिसमें उक्त वृद्ध व्यक्ति सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान हंसडीहा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही पिंकअप ने धक्का मार दिया। साथ ही बताया कि उक्त वाहन सड़क पर उसे कुछ दुर तक घसीटते हुए ले गया। साथ ही चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया। वहीं उक्त व्यक्ति को आनन फानन में इलाज हेतू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी। बुधवार को सुबह शव को गांव के समीप हाइवे सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
संवाददाता/दुमका