धनबाद : शहर के सिटी सेंटर मॉल स्थित एक ब्यूटी पार्लर में उस वक्त जमकर हंगामा हुआ, जब बाल कलर के दौरान चेहरे पर ब्लीचिंग का पानी चेहरे पर गिरने पर एक युवती को तेज जलन होने लगी। युवती की पहचान हीरापुर निवासी भावना सिंह के रूप में बताई जा रही है। युवती का आरोप है कि बाल कलर के दौरान चेहरे में जलन होने पर जब उसने पार्लर की महिला कर्मी को इसकी जानकारी दी, तो इस्तेमाल किए जा रहे प्रोडक्ट की एक्सपायरी डेट जांची गई।
प्रोडक्ट की एक्सपायरी डेट को लेकर सवाल उठने के बाद मामला बढ़ गया और युवती ने जमकर हंगामा किया
आरोप है कि प्रोडक्ट की एक्सपायरी डेट को लेकर सवाल उठने के बाद मामला बढ़ गया और युवती ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि भावना सिंह की शादी आगामी तीन दिसंबर को होने वाली है। शादी की तैयारियों के सिलसिले में वह पार्लर में बालों में कलर और ब्लीचिंग कराने पहुंची थी।
बाल में ब्लीचिंग के दौरान ही चेहरे में जलन शुरू हो गई - युवती
युवती का कहना है कि बाल में ब्लीचिंग के दौरान ही चेहरे में जलन शुरू हो गई। उसने इस मामले की शिकायत कंज्यूमर फोरम और थाना में करने की बात कही है। वहीं,हंगामे की सूचना मिलने पर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए। दूसरी ओर, ब्यूटी पार्लर संचालक का कहना है कि इस्तेमाल किया गया प्रोडक्ट एक्सपायरी नहीं था और बेवजह इस मामले को तूल दिया जा रहा है।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट