धनबाद : धनबाद के मेमको मोड़ के पास आठ लेन के सर्विस लेन में शुक्रवार को मारपीट की घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक पर सवार चार-पांच लोगों ने बस्ती के एक युवक के साथ मारपीट की। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती का युवक ट्रक पर सवार लोगों को धार्मिक स्थल के पास शौच करने से मना कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ट्रक सवार लोगों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की जानकारी मिलने के बाद बस्ती के लोग मौके पर पहुंचने लगे
मारपीट की जानकारी मिलने के बाद बस्ती के लोग मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों को आता देख ट्रक सवार लोग अपना वाहन सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आठ लेन के सर्विस लेन को जाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट