धनबाद : जिले के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, यानी एसएनएमएमसीएच परिसर में मेडिकल छात्रों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2020 बैच के 50 से अधिक एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान मेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
धनबाद के एसएनएमएमसीएच में आयोजित इस ग्रेजुएशन सेरेमनी में छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य, प्रिंसिपल और कई प्रोफेसर मौजूद रहे।
वर्ष 2020 बैच के छात्र-छात्राओं ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद इस विशेष समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान 50 से अधिक छात्रों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
छात्रों ने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना केवल उनका नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और पूरे परिवार का सपना होता है। जब वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के बाद मेडिकल की डिग्री पूरी होती है और माता-पिता अपने बच्चों को प्रमाणपत्र प्राप्त करते हुए देखते हैं, तो यह पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी का पल होता है।
ग्रेजुएशन सेरेमनी के दौरान छात्रों ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया। समारोह में मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अब आगे की जिम्मेदारियों और डॉक्टर के रूप में समाज की सेवा करने के संकल्प का भी संदेश दिया गया।
वर्षों की कड़ी मेहनत, पढ़ाई और संघर्ष के बाद एमबीबीएस की डिग्री पूरी करने वाले इन छात्रों के लिए यह दिन बेहद खास रहा। SNMMCH में आयोजित ग्रेजुएशन सेरेमनी ने न सिर्फ छात्रों को सम्मानित किया, बल्कि उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए भी इसे गर्व का यादगार पल बना दिया।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट