उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला अनाबद्ध निधि अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा बैठक

समाहरणालय में उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में सोमवार को जिला अनाबद्ध निधि अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

धनबाद : समाहरणालय में उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में सोमवार को जिला अनाबद्ध निधि अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में कार्यकारी एजेंसियों को स्वीकृत योजनाओं की प्रगति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं के तकनीकी प्राक्कलन की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान REO द्वारा कार्यों के निष्पादन में लापरवाही बरतने व स्वीकृत योजनाओं का कार्य शुरू नहीं करने पर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई

बैठक के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग (REO) द्वारा कार्यों के निष्पादन में लापरवाही बरतने एवं स्वीकृत योजनाओं का कार्य शुरू नहीं करने पर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वहीं, लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा बोरिंग का कार्य लंबे समय से लंबित रखे जाने पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अगले सात दिनों के अंदर लंबित बोरिंग कार्य पूर्ण कर इसकी रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया।

भवन निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का मासिक लक्ष्य निर्धारित कर समर्पित करें

भवन निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं का मासिक लक्ष्य निर्धारित कर समर्पित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी परिस्थिति में एक दिन का भी व्यवधान नहीं होना चाहिए। सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, जिला अभियंता  जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता  ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता  ग्रामीण कार्य विभाग तथा कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-1 एवं 2 सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट