धनबाद : जिले के राजगंज थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। एनएच-19 पर चालीबंगला के समीप बुधवार की शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक वासेपुर रहमतगंज इलाके के रहने वाले थे और घर से बाइक पर निकले थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद जहां घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं दोनों युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही रहमतगंज में मातम पसर गया।
मृतकों की पहचान पांडरपाला-रहमतगंज निवासी ओसामा और सैजान तबरेज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बुधवार को बाइक से घर से निकले थे। जैसे ही वे राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगला के समीप एनएच-19 पर पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया है। वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
इधर, हादसे की खबर जैसे ही पांडरपाला-रहमतगंज पहुंची, दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। खासकर सैजान तबरेज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो युवकों की एक साथ मौत से पूरे रहमतगंज इलाके में शोक का माहौल है और हर आंख नम है।
फिलहाल राजगंज पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही इस दर्दनाक सड़क हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट