धनबाद शहर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5वीं झारखंड बटालियन एनसीसी, धनबाद के कैडेटों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा बीएसएस महिला महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एनसीसी कैडेटों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
इस दौरान पूरा इलाका देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बीएसएस महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस देश का सबसे बड़ा पर्व है और यह आजादी हमें अनगिनत बलिदानों और त्याग के बाद मिली है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। जो लोग देश को किसी भी तरह से नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, उनके खिलाफ सभी देशवासियों को जागरूक रहने और एकजुट होकर देशहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
एनसीसी कैडेटों की इस तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले धनबाद में देशभक्ति का माहौल बना दिया और लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट