मासूम खान को बड़ी जिम्मेदारी, केंद्रीय संगठन सचिव मनोनीत, विधायक रागिनी सिंह ने दी जानकारी

धनबाद : जनता श्रमिक संघ ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में मासूम खान को केंद्रीय संगठन सचिव के पद पर मनोनीत किया है। इस संबंध में संघ की महामंत्री एवं झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने आधिकारिक जानकारी दी है।

धनबाद : जनता श्रमिक संघ ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में मासूम खान को केंद्रीय संगठन सचिव के पद पर मनोनीत किया है। इस संबंध में संघ की महामंत्री एवं झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष को पत्र भेजकर मनोनयन की आधिकारिक जानकारी दी है।

जारी पत्र में मासूम खान को केंद्रीय संगठन सचिव बनाए जाने की सूचना देते हुए कोल इंडिया प्रबंधन से औद्योगिक संबंधों को सौहार्दपूर्ण बनाए रखने तथा संगठनात्मक कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया है। 

मनोनयन से संबंधित पत्र की प्रतिलिपि कोल इंडिया के विभिन्न अधिकारियों, संबंधित क्षेत्रों के प्रबंधन तथा जनता श्रमिक संघ के केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि सभी संबंधित पक्षों को इस निर्णय की जानकारी मिल सके।

जनता श्रमिक संघ में केंद्रीय संगठन सचिव का पद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस जिम्मेदारी के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय और श्रमिकों से जुड़े विषयों को प्रबंधन के समक्ष रखने में भूमिका निभाने का अवसर मिलता है। 

मासूम खान को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने से संगठन में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है।श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों, प्रबंधन के साथ संवाद तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिहाज से यह मनोनयन अहम माना जा रहा है। मासूम खान ने कहा कि जिम्मेदारी मिला है। मजदूर हित में कार्य करेंगे।

धनबाद से युधिष्ठिर की रिपोर्ट