धनबाद:- मिथिलांचल के महान कवि, साहित्यकार और मैथिली संस्कृति के अमर स्तंभ महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर सोमवार को धनबाद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यापति समिति के सदस्यों ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित कला भवन के सामने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। समिति के सदस्यों ने महाकवि के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर पूरा मिथिलांचल श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद कर रहा है। इसी कड़ी में धनबाद में भी विद्यापति समिति की ओर से स्मृति दिवस मनाया गया। लुबी सर्कुलर रोड स्थित कला भवन के सामने स्थापित महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान समिति के अध्यक्ष शिवकांत मिश्रा ने कहा कि महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि को समाज के लोग स्मृति पर्व के रूप में मनाते हैं। जिस दिन महाकवि ने इस दुनिया को अलविदा कहा था, उस दिन को उनकी स्मृतियों और साहित्यिक योगदान को याद करने के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समिति के सदस्यों ने एकजुट होकर महाकवि को श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाकवि विद्यापति की रचनाएं आज भी मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति की पहचान बनी हुई हैं। उनकी साहित्यिक विरासत न सिर्फ मिथिलांचल बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर है। धनबाद में आयोजित यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी इसी विरासत को याद करने और आने वाली पीढ़ियों तक उनके योगदान को पहुंचाने का संदेश देता नजर आया।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट