धनबाद जिले के कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर जनसमर्थन बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने स्टेशन परिसर में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया, जिसमें यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी सहमति दर्ज कराई। अभियान का उद्देश्य रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक क्षेत्रवासियों की मांग को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुमारधुबी रेलवे स्टेशन धनबाद जिले का एक प्रमुख स्टेशन है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम सहित देश के विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। इसके बावजूद कई अहम एक्सप्रेस ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को धनबाद, आसनसोल अथवा अन्य बड़े स्टेशनों तक जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।
भाजपा की ओर से जिन ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है, उनमें धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस, पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस, टाटा-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, दरभंगा-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, कोलकाता-गाजीपुर सिटी शब्दभेदी एक्सप्रेस तथा रांची-कामाख्या एक्सप्रेस शामिल हैं।
भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह ने कहा कि कुमारधुबी में इन ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से उठाई जाती रही है। उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का स्टॉपेज सुनिश्चित होता है तो क्षेत्र के लाखों यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एकत्र किए गए हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और रेल मंत्रालय को सौंपा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धनबाद से नितीश की रिपोर्ट