ट्रेन में यात्रियों का टिकट चेक कर रही फर्जी महिला टीटी पकडाई, अब पुलिस कर रही जांच

धनबाद रेल मंडल से अहम खबर है। यहां आसनसोल-गया पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों का टिकट चेक कर रही एक फर्जी महिला टीटी को बुधवार को पकड़ा गया। टीटी ट्रेन में यात्रियों की टिकट की जांच कर रही थी।

धनबाद रेल मंडल से अहम खबर है। यहां आसनसोल-गया पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों का टिकट चेक कर रही एक फर्जी महिला टीटी को बुधवार को पकड़ा गया। टीटी ट्रेन में यात्रियों की टिकट की जांच कर रही थी।

मिली खबर के अनुसार फर्जी महिला टीटी सीतारामपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी और यात्रियों के टिकट की जांच करने लगी। इसी दौरान ट्रेन में पहले से ड्यूटी पर तैनात एक महिला टीटी को उस पर शक हुआ। पूछताछ और पहचान के बाद महिला टीटी ने कथित फर्जी टीटी की पहचान कर ली। इसके बाद मामले की सूचना रेल जीआरपी पुलिस को दी गई और कथित फर्जी टीटी को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।

इधर पूछताछ में कथित तौर पर फर्जी टीटी ने सियालदह के अमित सेन के जरिए नौकरी मिलने का दावा किया है। वहीं, उसकी उम्र को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है और उसे नाबालिग बताया जा रहा है। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला ट्रेन में किस मकसद से टिकट चेक कर रही थी, उसने किसी यात्री से पैसे लिए या नहीं और उसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है या नहीं, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस पूछताछ कर रही है। धनबाद रेल मंडल में फर्जी टीटी पकड़े जाने की इस घटना से रेल यात्रियों की सुरक्षा और टिकट जांच व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट