धनबाद : अपने दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में झरिया पुनर्वास योजना, अग्निप्रभावित क्षेत्रों से लोगों के सुरक्षित विस्थापन, कोयला उत्पादन में तेजी और कोयले के निर्बाध परिवहन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य फोकस झरिया पुनर्वास योजना को गति देना और अग्निप्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों को जल्द से जल्द बेलगड़िया में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करना रहा। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण पटेल ने अधिकारियों से विभिन्न कोयला परियोजनाओं और विस्थापन की वर्तमान स्थिति, उनकी टाइमलाइन और काम में आ रही अड़चनों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि अग्निप्रभावित क्षेत्रों में रहना लोगों के लिए बेहद खतरनाक है। ऐसे में लोगों को विश्वास में लेकर सुरक्षित स्थान पर बसाना जरूरी है। बेलगड़िया में पुनर्वासित परिवारों को बेहतर जीवन-व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
तरुण कपूर ने कहा कि नई कॉलोनियों में स्कूल, अस्पताल, सड़क, साफ-सफाई और बेहतर वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उद्देश्य है कि विस्थापित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके और पुनर्वास की प्रक्रिया जल्द पूरी हो। इसके साथ ही धनबाद जैसे प्रमुख कोयला उत्पादक क्षेत्र में कोयले की निर्बाध आवाजाही को लेकर भी चर्चा हुई। आने वाले समय में कोयला उत्पादन बढ़ाने की योजना को देखते हुए रेलवे और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी देखा गया कि कोयला उत्पादन और उसके परिवहन में किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है और केंद्र सरकार किस तरह धनबाद की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग कर सकती है। प्रधानमंत्री के सलाहकार का यह दौरा झरिया पुनर्वास और कोयला उत्पादन से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर तेजी देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट