धनबाद : शहर के बरटांड़ में जिला परिषद की एक दुकान के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। कांग्रेस नेता मनोज सिंह की शिकायत पर धनबाद थाना पुलिस आज मौके पर पहुंची और विवादित दुकान का निरीक्षण किया। मनोज सिंह का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी बंद पड़ी दुकान का ताला तोड़कर साफ-सफाई की जा रही है। आसपास के दुकानदारों से सूचना मिलने पर उन्होंने थाना में शिकायत दर्ज कराई।
वर्ष 2011 में तीन लाख देकर यह दुकान सीमा सरकार नाम की महिला से ली थी - मनोज सिंह
मनोज सिंह का दावा है कि उन्होंने वर्ष 2011 में तीन लाख रुपए देकर यह दुकान सीमा सरकार नाम की महिला से ली थी और तब से लगातार जिला परिषद में किराया जमा कर रहे हैं। उनके पास दुकान से संबंधित सभी दस्तावेज मौजूद हैं। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जिला परिषद की दुकान के मालिकाना हक को लेकर असली सच्चाई क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट