धनबाद में नकली शराब का बड़ा खेल बेनकाब, 25 लाख की खेप जब्त

धनबाद में नकली शराब का बड़ा खेल बेनकाब, 25 लाख की खेप जब्त

धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब की भारी खेप पकड़ी है। कांडालागा गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बकरी शेड से 335 पेटियों में रखी 16,080 बोतल शराब जब्त की। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 25 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि शराब की यह खेप बिहार में खपाने के उद्देश्य से तैयार रखी गई थी। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही कथित कारोबारी मौके से फरार हो गया। अब पुलिस उसकी गिरफ्तारी के साथ पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने बुधवार देर शाम मरिचो पंचायत के कांडालागा गांव में दबिश दी। पुलिस टीम ने सुनील रजक के घर के पीछे बने बकरी शेड की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान शेड में बड़ी संख्या में पेटियां रखी मिलीं। जांच करने पर इनमें नकली अंग्रेजी शराब भरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सभी पेटियों को कब्जे में लेकर शराब की गिनती और जब्ती की कार्रवाई शुरू की।

335 पेटियों में मिली 16,080 बोतलें

पुलिस के अनुसार, बरामद खेप में कुल 335 पेटियां थीं, जिनमें 16,080 बोतल शराब मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच एजेंसी को संदेह है कि शराब को दूसरे राज्य में भेजने से पहले कांडालागा में छिपाकर रखा गया था। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहां अवैध शराब की तस्करी की आशंका को भी पुलिस जांच के एक अहम पहलू के रूप में देख रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को कथित कारोबारी सुनील रजक मौके पर नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब गांव तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग काम कर रहे थे।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

गुरुवार को बरवाअड्डा थाना में मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार बिनोद ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब्त शराब की जांच कराई जा रही है। इसके जरिए शराब के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के अलावा शराब की खरीद, भंडारण और संभावित तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।