धनबाद कोर्ट रोड में चला बुलडोजर, अवैध ठेले-काउंटर और वाहनों पर कार्रवाई

धनबाद : शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार कोर्ट रोड पर बुधवार को संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, काउंटर, गुमटी और बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की।

धनबाद : शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शुमार कोर्ट रोड पर बुधवार को संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, काउंटर, गुमटी और बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की।

एसडीएम लोकेश बारंगे के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम ने रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम के बुलडोजर और ट्रैक्टर वाहन की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और सामान जब्त कर नगर निगम कार्यालय ले जाया गया।

धनबाद कोर्ट रोड पर आए दिन लगने वाले जाम और सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध तरीके से लगाए गए ठेले, काउंटर और गुमटियों को हटाया गया। वहीं सड़क पर या किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े बाइक और अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान कई सामानों को जब्त किया, जिसे ट्रैक्टर वाहन के जरिए नगर निगम कार्यालय ले जाया गया।

एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि कोर्ट रोड शहर का बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है। यहां अवैध तरीके से काउंटर, गुमटी, ठेले लगाने और वाहनों के खड़े होने से आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। आज का अभियान रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक चलाया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी अभियान इसी तरह जारी रहता है या नहीं। फिलहाल प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को जाम से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

धनबाद से नीति की रिपोर्ट