धनबाद-गोमो रेल मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की जान चली गई। गंगा गौशाला के निकट रेलवे पुल के पास, पोल संख्या 284/18 के आसपास व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद रेल पटरी पर शव पड़े होने की वजह से इस मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ। उसी दौरान राजधानी एक्सप्रेस को इस सेक्शन से गुजरना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे गोमो रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। बाद में ट्रैकमैन ने तत्परता से ट्रैक को साफ कराया, जिसके बाद राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान कर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।