धनबाद जिले के बेकारबांध स्थित एक स्कूल में सोमवार को केंद्र सरकार के "कैच द रेन" अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष गंगवार, वाटर एक्टिविस्ट एकलव्य प्रसाद, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए। इस दौरान जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि कोयलांचल धनबाद में स्वच्छ जल का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पानी बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण की आधुनिक तकनीकों को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। वहीं वाटर एक्टिविस्ट एकलव्य प्रसाद ने बच्चों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी पानी की बर्बादी दिखाई दे तो उसे रोकने का प्रयास करें। साथ ही हर शुभ अवसर पर पौधारोपण करें और स्कूल, घर व सार्वजनिक स्थानों पर वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसकी रक्षा करना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा और वर्षा जल संचयन को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जल संरक्षण का संदेश देकर उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाने को लेकर था।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट