धनबाद: शहर के जगजीवन नगर न्यू कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने पांच साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्ची के आसपास आवारा कुत्ते मंडरा रहे हैं और अचानक उस पर हमला कर देते हैं। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
यह सीसीटीवी फुटेज धनबाद के जगजीवन नगर न्यू कॉलोनी का है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर मौजूद आवारा कुत्ते अचानक पांच साल की बच्ची पर टूट पड़ते हैं। कुत्तों के हमले से बच्ची सहम जाती है और खुद को बचाने की कोशिश करती है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है और आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर आवारा कुत्तों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि मासूम बच्ची पर हुए इस हमले के बाद नगर निगम और प्रशासन आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर क्या कदम उठाता है।
धनबाद से नीति की रिपोर्ट