धनबाद जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धनबाद क्लब में धनबाद जिला तीरंदाजी संघ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय और जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
29 अगस्त यानी हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती। जिसे देशभर में इस दिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर धनबाद क्लब में धनबाद जिला तीरंदाजी संघ की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
सम्मान समारोह में राष्ट्रीय और जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान मिला। आयोजकों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रम खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। संघ के अध्यक्ष विजय झा ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने का मकसद उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे चलकर धनबाद और झारखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन कर सकें।
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित इस सम्मान समारोह ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह भरने का काम किया। आयोजकों को उम्मीद है कि सम्मान और प्रोत्साहन से धनबाद के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट