धनबाद जिले के कोयला नगर स्थित जुबली हॉल में शुक्रवार को अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के सौजन्य से मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मजदूरों, श्रमिक नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मजदूर हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में संगठन की ओर से केंद्र सरकार और कोल कंपनियों से 12वें वेतन समझौते के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। श्रमिक नेताओं ने कहा कि मजदूर लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें उनका उचित हक मिलना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि मजदूर अपने अधिकार की मांग कर रहे हैं, भीख नहीं मांग रहे हैं।
सम्मेलन में वेज बोर्ड को जल्द लागू करने की भी मांग की गई। श्रमिक नेताओं का कहना था कि मजदूरों के वेतन, सुविधाओं और अन्य अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सरकार और कोल कंपनियों को इस दिशा में जल्द सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के उपाध्यक्ष अंगद उपाध्याय ने कहा कि संगठन हमेशा राष्ट्रहित, उद्योग हित और मजदूर हित को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि उद्योग की मजबूती के साथ-साथ मजदूरों के अधिकार और सम्मान की रक्षा करना भी जरूरी है। सम्मेलन के अंत में मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने और 12वें वेतन समझौते सहित अन्य मांगों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट