धनबाद : आगामी 15 नवंबर 2026 को झारखंड स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूरे धनबाद जिले में 'Run For Cleanliness' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम जिला, प्रखण्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होगा।
जिला स्तर में नगर निगम क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन नगर आयुक्त धनबाद नगर निगम के नेतृत्व में किया जाएगा
जिला स्तर में नगर निगम क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन नगर आयुक्त धनबाद नगर निगम के नेतृत्व में किया जाएगा। इसके तहत दिनांक 15 नवंबर 2026 को प्रातः सात बजे सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी, विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी और उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों के छात्र-छात्राएं रणधीर वर्मा चौक पर एकत्रित होंगे। वहां से सभी प्रतिभागी पैदल दौड़ते हुए बेकार बांध तालाब तक पहुंचेंगे, जहां तालाब परिसर की सामूहिक साफ-सफाई के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं स्थानीय मुखिया के समन्वय से प्रखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
संबंधित क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों को चिन्हित किया गया है, जहां दौड़ के उपरांत घाटों की विशेष सफाई की जाएगी
इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के प्रमुख छठ घाटों को चिन्हित किया गया है, जहां दौड़ के उपरांत घाटों की विशेष सफाई की जाएगी। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन द्वारा सभी जिला स्तरीय कार्यालय प्रधानों को अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने समस्त धनबादवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर अपने शहर और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दें।
धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट