जुड़वा बहनों का कमाल : किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीतने पर मनदीप और राजदीप सम्मानित

उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में हाल ही में संपन्न हुए WAKO किकबॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 में देश और दुनिया में धनबाद का नाम रोशन करने वाली जुड़वा बहनों मनदीप कौर और राजदीप कौर को कोयला भवन मुख्यालय में सम्मानित किया गया।

धनबाद : उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में हाल ही में संपन्न हुए WAKO किकबॉक्सिंग वर्ल्ड कप 2026 में देश और दुनिया में धनबाद का नाम रोशन करने वाली जुड़वा बहनों मनदीप कौर और राजदीप कौर को कोयला भवन मुख्यालय में सम्मानित किया गया। बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) मनोज कुमार अग्रवाल ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनकी इस शानदार अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ताशकंद में लहराया तिरंगा

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 से 18 अक्टूबर 2026 तक उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में आयोजित की गई थी, जिसमें दुनिया भर के बेहतरीन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मनदीप कौर ने अंडर-18 आयु वर्ग के 60 किग्रा भार वर्ग की तातामी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। राजदीप कौर ने इसी आयु और भार वर्ग की रिंग स्पर्धा में बेहतरीन दांव-पेंच दिखाते हुए देश के लिए कांस्य पदक जीता। इन दोनों बहनों की इस दोहरी सफलता से न केवल झारखंड बल्कि पूरे भारत का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है।

BCCL का निरंतर सहयोग

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की अहम भूमिका रही है। कंपनी द्वारा इन दोनों खिलाड़ियों को इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रायोजन सहायता प्रदान की गई थी। बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कंपनी स्थानीय युवा खेल प्रतिभाओं को लगातार तराशने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है।

धनबाद से युधिष्ठिर महतो की रिपोर्ट