देवघर में पुल के नीचे मिला युवक का श*व, परिजनों ने जताई ह*त्या की आशंका

देवघर में पुल के नीचे मिला युवक का श*व, परिजनों ने जताई ह*त्या की आशंका

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 05, 2026, 2:27:00 PM

देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डिगरिया पहाड़ के समीप सड़क किनारे बनी एक पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव दिखाई देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

सूचना मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और मामला संदिग्ध परिस्थितियों में सामने आया है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के लहुआ गांव निवासी लड्डू उर्फ हेमंत यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता सुग्रीव यादव सहित अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पुष्टि की।

पूजा कराने के बहाने ले जाने का आरोप

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ परिचित लोग लड्डू यादव को यह कहकर अपने साथ ले गए थे कि उसे देवघर स्थित श्मशान काली मंदिर में पूजा-अर्चना करानी है। परिजनों के अनुसार, शाम के समय लड्डू से मोबाइल पर संपर्क हुआ था, तब उसने कहा था कि वह जल्द घर लौट आएगा।

हालांकि, देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिवार ने कई बार फोन किया। पहले कॉल की घंटी जाती रही, लेकिन बाद में उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मोबाइल गायब, साजिश का शक

सुबह पुलिया के नीचे शव मिलने की खबर के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत लड्डू यादव की हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। परिजनों ने यह भी बताया कि मृतक का मोबाइल फोन घटनास्थल से बरामद नहीं हुआ, जिससे संदेह और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।