साधु बनकर मंगलसूत्र और सोने के टॉप्स लेकर फरार होने वाले 2 ठग गिरफ्तार

बोकारो में साधु का भेष धारण कर ठगी करने वाले दो शातिरों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दोनों ने आशीर्वाद देने के नाम पर महिला से सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए थे।

बोकारो : बोकारो में साधु का भेष धारण कर ठगी करने वाले दो शातिरों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दोनों ने आशीर्वाद देने के नाम पर महिला से सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए थे। घटना 28 अक्टूबर की सुबह कैंप टू स्थित हनुमान नगर की है। दोनों साधु बनकर बबीता देवी के घर पहुंचे और भोजन मांगने लगे। 

महिला की परेशानियां सुनकर घर के गहनों को आशीर्वाद देने का झांसा दिया

बातचीत के दौरान महिला की परेशानियां सुनकर घर के गहनों को आशीर्वाद देने का झांसा दिया। महिला ने भरोसा कर सोने के गहने उन्हें दे दिए। बदले में आरोपियों ने साड़ी में पीतल के 10 लॉकेट बांधकर शाम पांच बजे से पहले नहीं खोलने की हिदायत दी। शाम को राज खुला तो महिला ने पुलिस से शिकायत की। 

सिटी DSP राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस ने बालीडीह के एक लॉज से दोनों को गिरफ्तार कर लिया

सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस ने बालीडीह के एक लॉज से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान गया निवासी शम्भु लठौर और गयालाल लाठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने सोने के गहने समेत बड़ी संख्या में पीतल के लॉकेट, ताबीज और अंगूठियां बरामद की हैं।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट