एसपी कार्यालय के सामने पति-पत्नी पर चाकू से हमला

बोकारो। सिटी थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय के सामने शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात हमलावर ने लिट्टी की दुकान में सो रहे पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

बोकारो। सिटी थाना क्षेत्र में एसपी कार्यालय के सामने शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात हमलावर ने लिट्टी की दुकान में सो रहे पति-पत्नी पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों की पहचान अनिल गोस्वामी और शांति देवी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में घायल की भतीजी सुनीता कुमारी ने बताया कि उनके चाचा और चाची कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान एक युवक गेट तोड़कर कमरे में घुस आया और दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि आसपास कई प्रशासनिक कार्यालय होने के बावजूद इस तरह की घटना होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बताया जाता है कि लक्खी पूजा के दिन अनिल गोस्वामी के दामाद से किसी युवक के साथ कहासुनी हुई थी। हालांकि, शुक्रवार रात हुए हमले के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट