झारखंड सरकार रिम्स 2 को एशिया का सबसे बडा अस्पताल बनाने की दिशा में काम कर रही है। यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे, जिससे राज्य के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह बातें झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बोकारो में कही। अंसारी एक कार्यक्रम के सिलसिले में बोकारो पहुंचे हुए थे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोमवार शाम बोकारो परिसदन में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि जनवरी 2027 से पहले बोकारो मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू करने का लक्ष्य है और इसके लिए आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मेडिकल कॉलेज के लिए डॉक्टरों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। साथ ही राज्य में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है, ताकि झारखंड के छात्रों को अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि हेमंत सरकार रिम्स-2 को एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे पूरे राज्य के साथ दूसरे राज्य के लोगों को भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी राहत मिलेगी। उनका कहना था कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है।
इरफान अंसारी ने पहले की सरकार पर अपना निशाना साधा। उनका कहना था कि पूर्व की भाजपा सरकार ने वर्षों तक बोकारो मेडिकल कॉलेज को सिर्फ घोषणा तक सीमित रखा, जबकि वर्तमान सरकार इसे जमीन पर उतारने का काम कर रही है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट