बोकारो : अपराध पर लगाम लगाने और आम जनता की सुरक्षा मजबूत करने के लिए बोकारो पुलिस को 53 नई मोटरसाइकिलें मिली हैं। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने पुलिस केंद्र से हरी झंडी दिखाकर सभी बाइकों को विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। एसपी ने बताया कि सभी मोटरसाइकिलों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे जिला मुख्यालय से पुलिस की गश्ती गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी। इससे पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
SP नाथू सिंह मीना ने कहा- इससे पहले 103 मोटरसाइकिलें वितरित की गई थीं
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने बताया कि इससे पहले 103 मोटरसाइकिलें वितरित की गई थीं। नई 53 बाइक मिलने के बाद जिले के विभिन्न थानों को अबतक कुल 156 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। एसपी ने कहा कि पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें, ताकि पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सके।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट