बोकारो जिला अंतर्गत चास नगर निगम क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) किनारे स्थित सरकारी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। चास के मेयर भोलू पासवान ने आरोप लगाया है कि भू-माफिया जाली दस्तावेज तैयार कर सरकारी जमीन बेच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे खेल में चास अंचल कार्यालय और रजिस्ट्री विभाग के कुछ कर्मचारियों की भी संलिप्तता सामने आई है।
मेयर ने बताया कि इस अवैध कारोबार में शामिल एक संगठित सिंडिकेट की पहचान कर ली गई है। अब तक करीब 15 से 16 लोगों को चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही चास नगर निगम की ओर से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि एनएच किनारे हुई सभी जमीनों की रजिस्ट्री की जांच कराई जाएगी, ताकि फर्जी दस्तावेजों के जरिए हुए सौदों का खुलासा हो सके। इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए मेयर ने बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को भी पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
मेयर के इस खुलासे के बाद सरकारी जमीन की अवैध बिक्री के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बता दें कि पहले भी इस तरह की खबरें सामने आती थी, लेकिन इस पर किसी भी प्रकार की गंभीर कार्रवाई सामने नहीं आयी थी। बताया यह भी जा रहा है कि ऐसी जमीनों की संख्या बडी मात्रा में है। अब मेयर की तरफ से यह बात कही गयी है। मेयर के बयान के आने के बाद और उनकी द्वारा कदम उठाने की बात कहे जाने के बाद अब सभी की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट