झारखंड में चल रही विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने अपनी समीक्षा शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में दिल्ली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एसआईआर स्टेट ऑब्जर्वर राहुल बल बोकारो पहुंचे, जहां जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर कई अहम सवाल उठाए।
बोकारो परिसदन में आयोजित कांग्रेस जिला कमेटी की बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल बल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसका होना जरूरी है। हालांकि उन्होंने प्रक्रिया को लेकर तीन प्रमुख आपत्तियां भी रखीं।
उन्होंने कहा कि पहली समस्या यह है कि बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों पर अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है। उनके सहयोग के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था होनी चाहिए। उनका दावा है कि देशभर में अब तक 70 से अधिक बीएलओ और निर्वाचन कर्मी आत्महत्या कर चुके हैं, इसलिए चुनाव आयोग को पहले अपने सिस्टम को दुरुस्त करना चाहिए।
दूसरी आपत्ति समय-सीमा को लेकर जताते हुए उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण के लिए निर्धारित समय बढ़ाया जाना चाहिए। तीसरी बात दस्तावेजों को लेकर कही। उन्होंने मांग की कि आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड और 10 वर्ष से पुराने राशन कार्ड को भी वैध दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाए। साथ ही नियमों को सरल बनाया जाए ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
चंदन सिंह, बोकारो