बोकारो : बोकारो में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में बेहतर झारखंड संस्था ने एक नई पहल की है। रविवार को सेक्टर-1 स्थित हंस मंडप में 'आत्मनिर्भर बोकारो, सशक्त महिला, समृद्ध परिवार' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बेहतर झारखंड ने अगले एक साल में करीब 1000 महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है - संस्थापक विवेक सिंह
संस्था के संस्थापक विवेक सिंह ने बताया कि बेहतर झारखंड ने अगले एक साल में करीब एक हजार महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। यह कार्यक्रम बोकारो में स्वरोजगार का एक नया इकोसिस्टम की संरचना करने का लक्ष्य रखता है। जिसके तहत महिलाओं को काम शुरू करने के लिए कैपिटल इक्विपमेंट, आवश्यक प्रशिक्षण और बाजार से जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराया गया। संस्था महिलाओं के उत्पादों को देशभर के ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रही है।
विवेक सिंह ने कहा- योजना तैयार करने से पहले पिछले एक महीने के दौरान करीब 700 महिलाओं से छोटे-छोटे समूहों में फेस-टू-फेस बातचीत की गई थी
विवेक सिंह ने बताया कि योजना तैयार करने से पहले पिछले एक महीने के दौरान करीब 700 महिलाओं से छोटे-छोटे समूहों में फेस-टू-फेस बातचीत की गई थी। इस दौरान महिलाओं ने स्वरोजगार को लेकर अपनी जरूरतें, रुचियां और चुनौतियां साझा कीं। इन्हीं सुझावों के आधार पर अब योजना को जमीन पर उतारने की तैयारी की गई है। पहले चरण में करीब 400 महिलाओं को सीधे इस पहल से जोड़ा जा रहा है। इसमें नॉन-सेक्टर एरिया, चास, बालीडीह और उत्तरी विस्थापित क्षेत्र की महिला समूहों को शामिल किया गया है।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर बोकारो की महिलाओं द्वारा तैयार गोबर की गणेश प्रतिमाओं को ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाया गया - संस्था
संस्था ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर बोकारो की महिलाओं द्वारा तैयार गोबर की गणेश प्रतिमाओं को ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाया गया, जिससे स्थानीय हुनर को बाजार से जोड़ने की दिशा में पहल की शुरुआत भी हो चुकी है। कार्यक्रम में विवेक सिंह के अलावा बोकारो के जानी-मानी शिक्षाविद हेमलता एस मोहन, बोकारो का एकमात्र शार्क टैंक फंडेड स्टार्टअप एट्रोसिटी की ऑनर स्वातिकी प्रकाश सहित हजारों महिलाएं मौजूद रही।
महिला समूहों के बीच कई तरह के कैपिटल इक्विपमेंट भी वितरित किए गए
महिला समूहों के बीच कई तरह के कैपिटल इक्विपमेंट भी वितरित किए गए। इनमें बांस की बत्ती बनाने की मशीन, आधुनिक पिको सिलाई मशीन, मल्टी-पर्पस अनाज पीसने की चक्की, दस्ताने बनाने की मशीन, सेनेटरी पैड बनाने की मशीन व सामग्री, इलेक्ट्रिक चाक, पेपर प्लेट मशीन, वेंडिंग मशीन और गोबर के दीये और मूर्तियां बनाने वाली मशीन शामिल हैं।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट