बोकारो में सुधा मिल्क पार्लर संचालक और उनकी पत्नी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीएस सिटी थाना पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी बादल कुमार को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
दरअसल, 6 नवंबर की रात करीब 12 बजे कैंप-2 स्थित सुधा मिल्क पार्लर के संचालक अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल दोनों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में कराया गया।
घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-1सी विकास नगर निवासी बादल कुमार को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मिल्क पार्लर संचालिका से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान गुस्से में उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट