बच्चे हाज़िर, शिक्षक नदारद! बोकारो के इस सरकारी स्कूल से सामने आई चिंताजनक तस्वीर

बच्चे हाज़िर, शिक्षक नदारद! बोकारो के इस सरकारी स्कूल से सामने आई चिंताजनक तस्वीर

बोकारो जिले के पिंडराजोरा स्थित सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। करीब 1500 छात्र-छात्राओं वाले इस विद्यालय में उपलब्ध शिक्षकों की संख्या जरूरत के मुकाबले काफी कम है, जिससे कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। स्थिति यह है कि जिन शिक्षकों की सेवाएं विद्यालय को मिलनी चाहिए, उनमें से कुछ वर्षों से दूसरे जिलों में प्रतिनियुक्त हैं।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्कूल में केवल 21 शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें भी चार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति अन्य जिलों में होने से शैक्षणिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। सबसे अधिक असर उन विषयों पर पड़ा है, जिनके लिए वैकल्पिक शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।

विद्यालय के प्राचार्य भरत कुमार महतो ने बताया कि कॉमर्स संकाय में नामांकन शुरू नहीं किया जा सका है, क्योंकि संबंधित शिक्षक पिछले चार वर्षों से धनबाद में प्रतिनियुक्त हैं। इसी तरह इतिहास विषय के शिक्षक भी करीब आठ वर्षों से दूसरे जिले में कार्यरत हैं। इसके अलावा भौतिकी और गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों में भी शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिसके कारण छात्रों को नियमित पढ़ाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने भी अपनी चिंता जताई है। उनका कहना है कि आर्ट्स संकाय में प्रवेश लेने के बावजूद उन्हें इतिहास विषय की नियमित पढ़ाई नहीं मिल रही है। इससे न केवल पाठ्यक्रम पूरा करने में कठिनाई हो रही है, बल्कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। छात्रों ने सरकार और शिक्षा विभाग से जल्द स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति तथा प्रतिनियुक्त शिक्षकों की वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के सरकारी दावों के बीच सर्वोदय प्लस टू उच्च विद्यालय की स्थिति कई सवाल खड़े करती है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ रही है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि शिक्षा विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्द प्रभावी कदम उठाता है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट