बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में एक मैनेजमेंट ट्रेनी के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल सख्त कदम उठाए हैं। ट्रेनी कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेक्टर-3 स्थित मैनेजमेंट ट्रेनी हॉस्टल में बाहरी लोगों और निजी वाहनों के प्रवेश पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही हॉस्टल परिसर की निगरानी बढ़ाने के लिए मुख्य गेट पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
घटना के संबंध में पीड़ित मैनेजमेंट ट्रेनी मनीष कुमार ने बोकारो के सिटी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार, उन्होंने आरोप लगाया है कि ठेकेदार धर्मवीर और अरविंद ठाकुर कार से वहां पहुंचे और उन्हें अपने पास बुलाया। शिकायत में कहा गया है कि बातचीत के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने बीएसएल के अधिकारियों के संगठन को भी चिंता में डाल दिया है। बीएसएल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने मामले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन के महासचिव अजय कुमार पांडे ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ हिंसक व्यवहार या दबाव बनाने जैसी घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि घटना के समय वह बोकारो से बाहर थे। उनकी अनुपस्थिति में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी निदेशक (वर्क्स) से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ भविष्य में ट्रेनी और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी है।