झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शनिवार को बोकारो में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। जिला समाहरणालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में सामने आई शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग भी दोहराई गई।
भाजपा युवा मोर्चा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो के उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट